गैस संचालक की बेटी ने कटिहार स्थित घर पर गोली मारकर की खुदकुशी

कोटा में अध्यन कर रही छात्रा ने की खुदखुशी 


कटिहार नगर थाना क्षेत्र के लालकोठी में बुधवार की शाम छह बजे गैस एजेंसी संचालक की पुत्री तनिष्का सिंह ने पिता के लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। लड़की बाथरूम में स्नान करने के बहाने गयी और वहीं घटना को अंजाम दिया। 



गोली की आवाज सुनते ही परिवार के लोग बाथरूम की ओर दौड़े और आनन-फानन में अस्पताल ले गये। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
 
सूचना पर सदर डीएसपी अमरकांत झा, टाउन इंस्पेक्टर रंजन कुमार दलबल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। एसडीपीओ ने बताया कि संबंधित रिवॉल्वर और चार गोली को जब्त कर लिया गया है। पहली नजर में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पुलिस ने कब्जे कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
 
घटना के बारे में बताया जाता है कि 11वीं की छात्रा तनिष्का एक माह पूर्व ही कोटा, राजस्थान से पढ़ाई कर अपने घर लौटी थी। बुधवार की शाम वह बाथरूम में स्नान करने गयी थी। उसकी मां रीता सिंह और मौसी घर की छत पर बैठी हुई थी। पिता प्रेम कुमार सिंह, भाई और परिवार के अन्य लोग घर में थे। इसी बीच गोली चलने की आवाज उन्हें सुनाई दी। बाथरूम के पास पहुंचने पर छात्रा के कराहने की आवाज सुनाई दी। परिजनों ने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला। बाथरूम में रिवॉल्वर गिरा हुआ था।